दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र के परतला गांव में लगुन कार्यक्रम के दौरान हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे सह-आरोपी विनोद पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का गांव में पैदल जुलूस निकालकर सख्त संदेश दिया।
8 अप्रैल की घटना, युवक को लगी थी गोली
थाना प्रभारी अनिल पटेल के अनुसार 8 अप्रैल को परतला निवासी भरत पटेल के यहां लगुन कार्यक्रम के दौरान मुख्य आरोपी नितिन मिश्रा ने कपिल लोधी पर फायरिंग कर दी थी। गोली कपिल के सीने में लगी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था।
पैसों के विवाद में हुई वारदात
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों और पीड़ित के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद था। जैसे ही आरोपियों को पता चला कि कपिल लोधी कार्यक्रम में मौजूद है, वे मौके पर पहुंचे और कहासुनी के दौरान फायरिंग कर दी।
लोकेशन बदलकर बच रहा था आरोपी
घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने पहले ही मुख्य आरोपी नितिन मिश्रा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। सह-आरोपी विनोद पटेल लगातार अपनी लोकेशन बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का परतला गांव में जुलूस निकाला, जहां उसने वारदात को अंजाम दिया था।
Tags
jabalpur
