दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के सिविल लाइन क्षेत्र में शुक्रवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एसपी बंगले के पास एक चलती कार में अचानक आग लग गई। घटना शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सफेद रंग की ब्रेजा कार (MP 20 ZJ 0374) लोहिया पुल से सिविल लाइन की ओर जा रही थी। जैसे ही कार एसपी बंगले के पास पहुंची, उसमें अचानक आग भड़क उठी। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत वाहन रोका और कार सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। राहगीरों ने भी अपनी गाड़ियां दूर खड़ी कर लीं।
इसी दौरान एसपी बंगले में तैनात पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत मोर्चा संभाला। फायर एक्सटिंग्विशर और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। करीब 15 से 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। आग बुझाने में आरक्षक शिवराज, सौरभ तिवारी, दीपक कनौजिया, मुकेश परिहार और पवन तिवारी की अहम भूमिका रही।
Tags
jabalpur
