Jabalpur News: लार्डगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 शातिर वाहन चोर गिरफ्तार; 12 दुपहिया वाहन बरामद

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए लार्डगंज थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए 12 दुपहिया वाहन बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में कासिम खान (25 वर्ष), निवासी रजा चौक न्यू आनंद नगर थाना गोहलपुर और फैजान अंसारी उर्फ तोता (23 वर्ष), निवासी मक्का नगर गली नंबर 1 हनुमानताल शामिल हैं।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर की गई, जिन्होंने जिले में लूट, झपटमारी और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सख्त अभियान चलाने के आदेश दिए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली रीतेश कुमार शिव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नवल आर्य के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने लार्डगंज, कोतवाली, ओमती, विजयनगर, घमापुर और कटनी क्षेत्र से दुपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया है। आरोपियों के पास से एक्टिवा, एक्सेस, स्प्लेंडर, पैशन प्रो और प्लेटिना जैसे कुल 12 दुपहिया वाहन जब्त किए गए हैं।

जांच में सामने आया है कि बरामद वाहनों में से कुछ की चोरी की रिपोर्ट पहले से ही लार्डगंज थाने में दर्ज थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को प्रकरण क्रमांक 106/26 एवं 202/26 में गिरफ्तार कर धारा 35(1)(ड) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की है और अन्य वाहनों के संबंध में भी पतासाजी जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नवल आर्य, उप निरीक्षक राहुल बघेल, रामेश्वर गोस्वामी, एएसआई राजेश वर्मा सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post