Jabalpur News: आधारताल में फर्नीचर दुकानों में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। आधारताल क्षेत्र में गुरुवार तड़के करीब साढ़े चार बजे फर्नीचर दुकानों और एक कारखाने में भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग पहले ही तेजी से फैल चुकी थी।

जानकारी के अनुसार आग की शुरुआत 'साहू फर्नीचर' और उससे जुड़े कारखाने से हुई, जो धीरे-धीरे आसपास की दुकानों तक फैल गई। इस दौरान कई प्रतिष्ठान इसकी चपेट में आए, जिसमें 'क्लासिक फर्नीचर' भी शामिल था।

नगर निगम ने आग की गंभीरता को देखते हुए सात फायर ब्रिगेड वाहन और आठ पानी के टैंकर मौके पर भेजे। दमकल कर्मियों ने लगातार प्रयास कर आग को काफी हद तक काबू में किया।

मौके पर मौजूद एक दुकान संचालक ने बताया कि उसके फर्नीचर का करीब 10 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं, 'क्लासिक फर्नीचर' को अकेले लगभग एक करोड़ रुपए तक का नुकसान होने का अनुमान है।

फायरमैन राजेश ने बताया कि समय रहते टीम के पहुंचने से आग को अन्य क्षेत्रों में फैलने से रोका जा सका। घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और अधिकारियों ने बताया कि जांच के बाद ही आग लगने की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post