MP News: भोपाल-इंदौर से मावा, पनीर और मिल्क केक जब्त, होली से पहले मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। होली के त्योहार को देखते हुए मध्य प्रदेश में मिलावटखोरों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बीते 10 दिनों में प्रदेशभर में कुल 3996 खाद्य सैंपल लिए। इस दौरान दूध व उससे बने उत्पादों, मावा, पनीर, नमकीन और मिठाइयों की जांच की गई। अभियान के तहत कुल 15 हजार 988 किलो मिलावटी और संदिग्ध खाद्य सामग्री जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 26 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

नियंत्रक दिनेश श्रीवास्तव के अनुसार चलित मोबाइल वैन और दुकानों पर जाकर सैंपलिंग की गई। सबसे बड़ी कार्रवाई भोपाल और इंदौर में सामने आई। भोपाल में 21 फरवरी को 27 क्विंटल मावा और पनीर जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 6 लाख रुपये रही। वहीं 27 फरवरी को 11.45 लाख रुपये कीमत का 748 किलो मिलावटी मिल्क केक पकड़ा गया। इंदौर में 20 फरवरी को 209 किलो नकली पनीर जब्त किया गया, जिसकी कीमत 75 हजार रुपये आंकी गई। इसके अलावा 21 फरवरी को 1797 किलो मिलावटी गुलाब जामुन और अन्य खाद्य पदार्थ जब्त कर फैक्ट्री को सील किया गया, जिसकी कीमत 1.71 लाख रुपये बताई गई।

इसी तरह रतलाम में 26 फरवरी को 1600 लीटर मिलावटी घी जब्त किया गया, जिसकी कीमत 6.30 लाख रुपये रही। भिंड, झाबुआ, सागर और टीकमगढ़ में भी मिलावटी खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई की गई।

जांच अभियान के दौरान 17 खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन सस्पेंड किए गए हैं। चलित खाद्य प्रयोगशाला की जांच में 435 किलो दूषित खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। विभाग ने साफ किया है कि होली तक अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post