दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) शाजापुर। नेशनल हाईवे-52 पर सोमवार सुबह करीब 8 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घटना सुनेरा थाना क्षेत्र के अभयपुर गांव के पास की है, जहां बाइक पर सवार दो युवक दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में पीछे बैठे युवक को गंभीर चोटें आईं, जबकि बाइक चला रहे युवक को मामूली चोट लगी है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक गुजरात से सारंगपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठे युवक शाकिर अली को नींद आ गई और वह अचानक चलती बाइक से नीचे गिर पड़ा। युवक के गिरते ही बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से जा टकराई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल शाजापुर भिजवाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर कर दिया गया।
डायल 112 पर पदस्थ प्रधान आरक्षक बैजनाथ सिंह सेमरी ने बताया कि हादसा पीछे बैठे युवक को नींद आने के कारण हुआ। घायल युवक शाकिर अली को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बाइक चालक साहिल अली को हल्की चोट लगी है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
Tags
madhya pradesh
