Jabalpur News: लाल साड़ी पहने महिला ने बच्ची को अगवा करने की कोशिश, बड़ी बहन की चीख से बची

File Photo
दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोसलपुर थाना क्षेत्र की शंकर कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अज्ञात महिला ने 6 वर्षीय बच्ची को अगवा करने की कोशिश की। गनीमत रही कि बच्ची की बड़ी बहन की सूझबूझ और साहस से मासूम सुरक्षित बच गई।

दूध लेने जा रही थी दोनों बहनें

शंकर कॉलोनी निवासी बच्ची अपनी बड़ी बहन के साथ पास की डेयरी पर दूध लेने जा रही थी। तभी रास्ते में लाल साड़ी पहने और नाक में बड़ी नथ लगाए एक महिला ने अचानक छोटी बच्ची को पकड़ लिया और जबरन अपने साथ ले जाने लगी।

बड़ी बहन ने मचाया शोर

घटना को देखकर बड़ी बहन घबरा गई, लेकिन उसने साहस दिखाते हुए जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। बच्चियों की चीख-पुकार सुनकर राहगीर और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आते देख आरोपी महिला बच्ची को छोड़कर गलियों में भाग गई।

संदिग्ध महिला का हुलिया

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला के गाल पर तिल का निशान है। वह लाल साड़ी पहने हुए थी और नाक में बड़ी नथ लगाए हुए थी।

एक सप्ताह में दूसरी घटना

गौरतलब है कि गोसलपुर क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर बच्ची के अपहरण का यह दूसरा प्रयास है। इससे पहले खेरमाता बड़ी मढ़िया के पास रहने वाले गुलाम हुसैन की पांच वर्षीय बेटी को भी कुछ युवकों ने अगवा करने की कोशिश की थी।

पुलिस ने बढ़ाई सतर्कता

थाना प्रभारी गाजीबती कौशाम ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है और संदिग्ध महिला की तलाश जारी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को अकेले बाहर न भेजें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Post a Comment

Previous Post Next Post