दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) आलीराजपुर। मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले में भगोरिया मेले के दौरान एक नाबालिग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मामूली धक्का लगने से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते जानलेवा हमला बन गया। आरोपियों ने दौड़ा-दौड़ाकर युवक पर चाकू से वार किए और लात-घूंसे बरसाए। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
मेले में घेरकर किया हमला
पुलिस के अनुसार, 27 फरवरी की शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच सोंडवा थाना क्षेत्र में आयोजित भगोरिया मेले में यह वारदात हुई। कथित तौर पर धक्का लगने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो जल्द ही मारपीट में बदल गया।
आरोपियों ने तलावद निवासी नाबालिग को घेरकर पहले लात-घूंसे मारे, फिर धारदार हथियार से पेट, पीठ और छाती पर कई वार किए।
इलाज के दौरान मौत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और खून से लथपथ नाबालिग को सोंडवा अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल आलीराजपुर रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान
घटना के बाद एसपी रघुवंश सिंह के निर्देश पर सोंडवा थाना प्रभारी राजाराम बडोले के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मेला स्थल और आसपास की दुकानों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्धों की पहचान की गई।
4 आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी शामिल
जांच के आधार पर पुलिस ने दिनेश, कमलेश, अर्जुन और एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने विवाद के बाद हमला करने की बात कबूल की है।
हत्या का केस दर्ज, बालिग जेल भेजे गए
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। बालिग आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग आरोपी के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
Tags
madhya pradesh

