दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंडला। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार को एक युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों की लाशें नर्मदा किनारे कुंभ स्थल के पास झाड़ियों में संदिग्ध हालत में पाई गईं।
बताया जा रहा है कि युवक का शव पेड़ से लटका मिला, जबकि युवती का शव पास ही क्षत-विक्षत हालत में पड़ा हुआ था। शुरुआती स्थिति को देखते हुए मामला संदिग्ध नजर आ रहा है, जिससे कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं।
24 मार्च से थे लापता
पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक और युवती एक-दूसरे को जानते थे और 24 मार्च से लापता थे। इस संबंध में महाराजपुर थाने में पहले ही युवक की गुमशुदगी और युवती के अपहरण का मामला दर्ज किया गया था।
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी रजत सकलेचा और एसडीओपी पियूष मिश्रा सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
5-6 दिन पुराने हो सकते हैं शव
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि दोनों शव करीब 5-6 दिन पुराने हो सकते हैं। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
हर एंगल से जांच जारी
फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह आत्महत्या है या किसी साजिश के तहत की गई वारदात।
