MP News: अफवाह से भड़का तनाव, काली विसर्जन के दौरान डिंडौरी में हंगामा, पुलिस ने संभाले हालात

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) डिंडौरी। डिंडौरी नगर में शनिवार देर रात मां काली की प्रतिमा विसर्जन के दौरान अंडे फेंके जाने की अफवाह से माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया और हालात पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार, बस स्टैंड में स्थापित मां काली की प्रतिमा का विसर्जन जुलूस रात करीब साढ़े 11 बजे निकाला जा रहा था। जैसे ही जुलूस अस्पताल कॉलोनी क्षेत्र के पास पहुंचा, सड़क पर चार से पांच फूटे हुए अंडे दिखाई दिए। इस घटना के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और भीड़ उग्र होने लगी।

मस्जिद क्षेत्र की ओर बढ़ती भीड़ को रोका गया

अफवाह के बीच कुछ लोग मस्जिद मोहल्ले की ओर बढ़ने लगे, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम राम बाबू देवांगन और एसडीओपी सतीश द्विवेदी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और भीड़ को आगे बढ़ने से रोक दिया।

हल्का बल प्रयोग, हालात काबू में

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए लोगों को मौके से खदेड़ा। साथ ही नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की गई।

जांच जारी, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी प्रकार की बड़ी घटना नहीं हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सड़क पर अंडे कैसे पहुंचे और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है।

अफवाहों से बचें, शांति बनाए रखें – प्रशासन की अपील

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शहर में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post