MP News: ग्वालियर में 100 की रफ्तार और नशे का कहर, 5 की मौत; शराबी ड्राइवर गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) ग्वालियर। शहर में तेज रफ्तार और नशे के खतरनाक मेल ने शुक्रवार तड़के बड़ा हादसा कर दिया। करीब 100 किमी/घंटा की स्पीड से दौड़ रही कार ने ऑटो को टक्कर मार दी, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी चालक अमन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है, जो घटना के समय नशे में धुत था।

मेडिकल में 175 मिलीग्राम शराब की पुष्टि

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के शरीर में 175 मिलीग्राम शराब पाई गई। अधिकारियों के अनुसार, यह केवल वही मात्रा है जो जांच के समय तक पच नहीं पाई थी, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उसने इससे कहीं ज्यादा शराब पी रखी थी।

DIAL 112 ने 100 की स्पीड में पीछा कर पकड़ा

हादसे के बाद आरोपी कार लेकर फरार हो गया, लेकिन DIAL 112 टीम ने तत्काल पीछा किया। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस वाहन को भी करीब 100 किमी/घंटा की रफ्तार से दौड़ाना पड़ा। अंततः गोविंदपुरी इलाके में स्कॉर्पियो को रोका गया।

ई-रिक्शा को भी मारी टक्कर, वाहन पलटा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने पहले एक ई-रिक्शा को टक्कर मारी, जिससे वह पलट गया और चालक घायल हो गया। इसके बाद भी कार नहीं रुकी और आगे बढ़ती रही।

जश्न से लौट रहा था आरोपी, कार में मिले शराब के सुराग

पुलिस को कार से नमकीन और गैस लाइटर मिले हैं, जिससे अंदेशा है कि वाहन के अंदर ही शराब पी जा रही थी। आरोपी किसी जश्न से लौट रहा था।

मंदिर दर्शन से लौट रहा था पूरा परिवार

हादसे का शिकार हुआ परिवार देवी दर्शन कर लौट रहा था। गुरुवार को बच्चे का जन्मदिन मनाने के बाद परिवार शीतला माता मंदिर दर्शन के लिए गया था। लौटते समय परशुराम चौराहे के पास यह दर्दनाक हादसा हुआ।

5 की मौके पर मौत, 4 घायल

हादसे में शुभम शाक्य, उनकी पत्नी सगुन, ताऊ इंद्रजीत, ताई लीला और सास प्रीति कश्यप की मौत हो गई। वहीं ऑटो चालक सहित 4 लोग घायल हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस जांच जारी, कड़ी कार्रवाई की तैयारी

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की विस्तृत जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में साफ है कि तेज रफ्तार और नशा इस भीषण हादसे की मुख्य वजह रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post