दैनिक संधी बन्धु जबलपुर। थाना हनुमानताल क्षेत्र में रंगदारी नहीं देने पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने चाकू से हमला कर पिता-पुत्र को घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, बड़ा मदार छल्ला स्लॉटर हाउस के पास रहने वाले 42 वर्षीय हैदर अली ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह सब्जी का ठेला लगाकर अपना जीवन यापन करता है। रविवार सुबह करीब 11 बजे वह बड़ा मदार छल्ला मैदान में ठेला लगाकर खड़ा था, उसके साथ उसका बेटा अतावारिस भी मौजूद था।
इसी दौरान मोहल्ले का भैया राशिद वहां पहुंचा और ठेला लगाने के एवज में 500 रुपए की मांग करने लगा। हैदर अली द्वारा पैसे देने से इंकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और चाकू से हमला कर दिया। बचाव के दौरान हैदर अली के बाएं हाथ में चोट आई।
जब उसका बेटा अतावारिस बीच-बचाव करने आया तो आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की, जिससे उसके दाहिने पैर के घुटने और कमर के पास चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 119(1) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
