Jabalpur News: कलेक्शन एजेंट से लूट का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार, नगदी और लैपटॉप बरामद

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कटंगी थाना क्षेत्र में कलेक्शन एजेंट से हुई लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 27,500 रुपए, लैपटॉप और कंपनी के जरूरी दस्तावेज भी बरामद कर लिए हैं।

पेट्रोल के बहाने रोका, फिर लूट को दिया अंजाम

घटना 26 मार्च की है, जब दमोह जिले के ग्राम समना निवासी हेमेंद्र पटेल, जो एक टीवीएस कंपनी में कलेक्शन एजेंट हैं, वसूली कर वापस लौट रहे थे। कटंगी के ग्राम झगरा के पास दो युवकों ने उन्हें पेट्रोल मांगने के बहाने रोका।

जब हेमेंद्र ने मना किया तो आरोपियों ने जबरन बाइक से पेट्रोल निकालना शुरू कर दिया। इसी दौरान उनके तीन अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए। पांचों आरोपियों ने मिलकर एजेंट के साथ मारपीट की और उनका बैग छीनकर फरार हो गए।

लूट में नगदी और लैपटॉप शामिल

आरोपी एजेंट से 27,500 रुपए नकद, लैपटॉप और कंपनी के महत्वपूर्ण दस्तावेज लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पीड़ित ने बेलखाड़ू चौकी में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

ग्रामीणों की मदद से मिला सुराग

जांच के दौरान एक आरोपी हर्ष बर्मन ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया। ग्रामीणों से मिली सूचना पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने दमोह, पाटन और शहपुरा क्षेत्र के रहने वाले बाकी चार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

अन्य वारदातों का भी हो सकता है खुलासा

पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि इनसे क्षेत्र में हुई अन्य लूट की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post