दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र में जुए के पैसों को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित इरफान अंसारी (22), निवासी ईदगाह के सामने गली गोहलपुर, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 28 मार्च की रात करीब 2 बजे वह पुराने पुल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान घर के पास रहने वाला आसिफ उसे रास्ते में मिला और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा।
आरोप है कि आसिफ ने इरफान से जुआ खेलने के लिए 5 हजार रुपए की मांग की। जब इरफान ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने चाकू से हमला कर उसकी दाहिनी जांघ में गंभीर चोट पहुंचा दी। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद परिजन घायल इरफान को इलाज के लिए विक्टोरिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296(बी), 118(1), 119(1), 351(3) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
