दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना घमापुर क्षेत्र में बुधवार को चाकूबाजी की घटना से सनसनी फैल गई। शराब पीने के लिए पैसे न देने पर एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, शिवम कोरी (26 वर्ष) निवासी करिया पाथर, घमापुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह प्राइवेट काम करता है और बुधवार को अपने साथी अंकित दाहिया के साथ काम से घर लौट रहा था। तभी कुण्डा के पास सूजल राजपूत ने उसे रोक लिया और शराब पीने के लिए एक हजार रुपये की मांग करने लगा।
शिवम द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपी भड़क गया और चाकू से हमला कर उसकी बाईं जांघ में गंभीर चोट पहुंचा दी। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
घायल शिवम को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धारा 296(ए), 119(1), 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।
Tags
jabalpur
