Jabalpur News: रेसिंग बाइक से आए चोर, कार का पहिया चुराया; बाजार में बेचने निकले, CCTV में कैद

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां रेसिंग बाइक से आए दो युवकों ने पहले कार से पहिया और अन्य सामान चोरी किया, फिर उसे बाजार में बेचने के लिए करीब एक घंटे तक घूमते रहे। पूरी घटना CCTV में कैद हो गई है और अब पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

ये है पूरा मामला

घटना गोकलपुर की है, जो रांझी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। यहां अलताफ खान के मोटर गैरेज के बाहर खड़ी इंडिका कार को चोरों ने निशाना बनाया। 22 मार्च की रात गैरेज बंद कर मालिक घर चले गए। सुबह लौटने पर कार का एक पहिया गायब मिला। साथ ही स्टेपनी, स्पीकर और प्लेयर भी चोरी हो चुके थे कार के नीचे जैक लगा मिला, जिससे साफ है कि चोर आराम से पहिया खोलकर ले गए।

बाजार में बेचने पहुंचे, नहीं मिला खरीदार

चोरी के बाद आरोपी बाइक पर सामान लेकर गुरंदी बाजार पहुंचे। करीब एक घंटे तक बाजार में घूमते रहे।
कई दुकानदारों से सामान बेचने की कोशिश की। शक होने पर किसी ने सामान नहीं खरीदा। आखिरकार दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

CCTV में कैद, पुलिस तलाश में जुटी

घटना के CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। एएसपी सूर्यकांत शर्मा के अनुसार शिकायत दर्ज कर ली गई है। CCTV के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।

खंडहर बन रहे अपराधियों का अड्डा

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पास में स्थित जीसीएफ फैक्ट्री के खंडहर मकान अपराधियों का ठिकाना बनते जा रहे हैं। शाम होते ही संदिग्ध युवक इकट्ठा होते हैं। शराबखोरी और आपराधिक गतिविधियां बढ़ रही हैं। आसपास चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

पहले भी हो चुकी हैं वारदातें

गैरेज संचालक के अनुसार इससे पहले भी इलाके में गाड़ियों को निशाना बनाया गया। कुछ दिन पहले एक वाहन से बैटरी और टायर चोरी हुए थे। इस बार चोरों ने पूरी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post