दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दमोह। दमोह में भाजपा समर्थित जनपद सदस्य कूदन आदिवासी का शव रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शव तीन हिस्सों में कटा हुआ था, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना शुक्रवार सुबह देहात थाना क्षेत्र के समन्ना रेलवे ट्रैक की है।
पुलिस के अनुसार, कूदन आदिवासी पर 14 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप था और उनकी तलाश की जा रही थी। इसी दौरान उनका शव ट्रैक पर मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले की पुष्टि के लिए डीएनए टेस्ट कराया जाएगा।
पीड़िता पांच महीने की गर्भवती
बताया जा रहा है कि नाबालिग लड़की को पेट दर्द होने पर अस्पताल ले जाया गया, जहां वह करीब पांच महीने की गर्भवती पाई गई। पूछताछ में उसने कूदन आदिवासी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया, जिसके बाद परिजनों ने मगरोन थाने में एफआईआर दर्ज कराई। लड़की की हालत गंभीर होने पर उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
परिजनों का दावा—झूठा केस, आत्महत्या की आशंका
मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि कूदन आदिवासी को चुनावी रंजिश के चलते झूठे मामले में फंसाया गया। उनके बेटे का कहना है कि पिता ने मरने से पहले एक वीडियो बनाया था, जिसमें कुछ लोगों के नाम लिए गए हैं। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक, आरोपों से आहत होकर कूदन आदिवासी ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या की हो सकती है।
पुलिस जांच जारी
मगरोन थाना प्रभारी के अनुसार, मोबाइल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है और डीएनए सैंपल भी लिए गए हैं। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आरोप सही हैं या नहीं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
Tags
madhya pradesh
