दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्यप्रदेश में आंधी-बारिश का दौर थमते ही गर्मी ने एक बार फिर तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को प्रदेश के ज्यादातर शहरों में तापमान 1 से 5.4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी रतलाम में दर्ज की गई, जहां पारा 5.4 डिग्री तक चढ़ गया।
इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर समेत भोपाल में भी तापमान में तेजी से इजाफा हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को गर्मी और बढ़ने के आसार हैं, जिससे लोगों को दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी महसूस हो रही है।
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 15 अप्रैल से एक नया सिस्टम एक्टिव होगा, लेकिन यह कमजोर रहेगा। ऐसे में प्रदेश में फिलहाल तेज गर्मी का दौर जारी रहने की संभावना है।
गर्मी बढ़ने के साथ ही लोगों की दिनचर्या में भी बदलाव दिख रहा है। कहीं लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर घर से बाहर निकल रहे हैं तो कहीं गन्ने का जूस, कोल्ड ड्रिंक्स और आइसक्रीम की मांग बढ़ गई है।
प्रदेश के तापमान की बात करें तो नर्मदापुरम सबसे गर्म रहा, जहां पारा 39.3 डिग्री दर्ज किया गया। रतलाम में 38.6 और खरगोन में 38 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर जैसे बड़े शहरों में भी तापमान 33 से 35 डिग्री के बीच रहा।
मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए सलाह दी है कि वे पर्याप्त पानी पिएं, दोपहर में तेज धूप से बचें और हल्के सूती कपड़े पहनें। खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अप्रैल के दूसरे पखवाड़े से प्रदेश में तेज गर्मी का दौर शुरू हो जाता है, और इस बार भी तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
Tags
madhya pradesh
