दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। हाईकोर्ट में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की याचिका पर शुक्रवार को महत्वपूर्ण सुनवाई हुई। यह मामला केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान द्वारा दायर मानहानि केस से जुड़ा है।
कार्तिकेय सिंह चौहान ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का केस दर्ज कराया था। यह मामला उस बयान से जुड़ा है, जो राहुल गांधी ने 29 अक्टूबर 2018 को झाबुआ में एक चुनावी सभा के दौरान दिया था। उन्होंने पनामा पेपर लीक मामले का जिक्र करते हुए कार्तिकेय चौहान का नाम लिया था।
हालांकि बाद में राहुल गांधी ने इसे भ्रम (कन्फ्यूजन) बताया, लेकिन कार्तिकेय ने इसे अपनी छवि खराब करने की साजिश मानते हुए अदालत का रुख किया।
इस मामले में राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में याचिका दायर कर एमपी एमएलए कोर्ट भोपाल द्वारा जारी समन को चुनौती दी है।
शुक्रवार को जस्टिस प्रमोद कुमार अग्रवाल की अदालत में सुनवाई के दौरान एमपी एमएलए कोर्ट भोपाल से पूरे मामले का रिकॉर्ड तलब किया गया। केस से जुड़े सभी ऑर्डर की कॉपी भी मांगी गई।
कार्तिकेय सिंह चौहान को नोटिस जारी कर 2 हफ्तों में जवाब देने को कहा गया। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 4 मई को निर्धारित की है। इस दौरान कोर्ट रिकॉर्ड और दोनों पक्षों के जवाबों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय करेगा।
कार्तिकेय सिंह चौहान ने राहुल गांधी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 499 और 500 के तहत आपराधिक मानहानि का मामला दर्ज कराया है।
Tags
jabalpur
.jpeg)