दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग की वारदात सामने आई है। ई-रिक्शा से उतरते ही दो अज्ञात बदमाशों ने बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, त्रिमूर्ति नगर गोहलपुर निवासी श्रीमती अलका चौधरी जैन (67 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह आज सुबह अपनी समधिन सुधा जैन के साथ ई-रिक्शा से बत्सला पैराडाइज विजय नगर से संजीवनी नगर स्थित अपने रिश्तेदार डॉ. मनोज जैन के घर जा रही थीं। सुबह करीब 9:50 बजे जैसे ही वह ई-रिक्शा से उतरीं, तभी पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पहुंचे।
एक युवक मोटरसाइकिल पर ही बैठा रहा, जबकि दूसरा—जिसने कत्था रंग की टी-शर्ट पहनी थी—उनके पास आया और गले में पहनी सोने की चेन छीनने लगा। महिला ने विरोध किया, लेकिन आरोपी ने उन्हें धक्का देकर करीब 15 ग्राम वजनी सोने की चेन छीन ली और साथी के साथ मोटरसाइकिल से फरार हो गया। बाइक सवार दूसरे युवक ने हरे रंग की टी-शर्ट पहनी थी। घटना में महिला के गले के दाहिने हिस्से में खरोंच आई है। पुलिस ने धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
