MP News: राजा रघुवंशी हत्याकांड में बड़ा मोड़, आरोपी पत्नी सोनम रघुवंशी को मिली जमानत

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर/शिलॉन्ग। चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड मामले की मुख्य आरोपी और मृतक राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम रघुवंशी को शिलॉन्ग की अदालत से जमानत मिल गई है। सोनम पिछले वर्ष जून 2025 से मेघालय की शिलॉन्ग जेल में बंद थी। कोर्ट ने चौथी सुनवाई के बाद उसे राहत प्रदान की है।

शिलॉन्ग एसपी विवेक स्येम ने बताया कि अदालत ने अपने अधिकारों का उपयोग करते हुए सोनम को जमानत दी है। वहीं, राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने कहा कि उन्हें शिलॉन्ग के वकील से जमानत मंजूर होने की जानकारी मिली है और संभावना है कि सोनम को जल्द ही जेल से रिहा कर दिया जाए। डीएसपी दास ने भी जमानत मिलने की पुष्टि की है।

जानकारी के अनुसार, जमानत याचिका में सोनम के वकील ने यह तर्क रखा कि उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से उसे हिरासत में लेते समय पुलिस ने स्पष्ट नहीं किया था कि उसे किस आधार पर उठाया जा रहा है। इसी बिंदु को आधार बनाकर अदालत से राहत मांगी गई थी। इसी तर्क को अदालत ने स्वीकार करते हुए जमानत मंजूर की।

राजा रघुवंशी हत्याकांड में गिरफ्तार पांच आरोपियों में से अब तक चार को जमानत मिल चुकी है। इनमें सोनम रघुवंशी, लोकेंद्र सिंह तोमर, गार्ड बलबीर अहिरवार और शिलोम जेम्स शामिल हैं। जबकि सोनम का कथित सहयोगी और प्रेमी राज कुशवाहा अभी भी जेल में बंद है। उसकी जमानत याचिका भी अदालत में दायर की गई है।

इधर, राजा रघुवंशी के परिवार ने इस फैसले पर नाराजगी जताई है। मृतक के भाई विपिन रघुवंशी ने कहा है कि वे इस जमानत आदेश को चुनौती देने के लिए हाईकोर्ट में अपील करेंगे। उनका कहना है कि परिवार की ओर से कोई चूक नहीं हुई, बल्कि वकील और पुलिस स्तर पर लापरवाही हुई है।

राजा की मां ने भी जमानत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनके बेटे की बेरहमी से हत्या के बाद भी इंसाफ नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में कुछ लोगों ने अंदर ही अंदर खेल किया है, जिसके चलते सोनम को इतनी जल्दी जमानत मिल सकी।

गौरतलब है कि राजा रघुवंशी और सोनम की शादी 11 मई 2025 को हुई थी। शादी के कुछ ही दिन बाद 21 मई को दोनों हनीमून के लिए शिलॉन्ग गए थे। 23 मई को राजा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। करीब 10 दिन बाद पुलिस ने उनका शव 30 फीट गहरी खाई से बरामद किया था, जिस पर धारदार हथियार से कई घाव पाए गए थे।

पुलिस जांच में सामने आया था कि सोनम के कथित प्रेमी राज कुशवाहा से उसके संबंध थे और इसी साजिश के तहत राजा को घूमने के बहाने सुनसान इलाके में ले जाकर हत्या की गई। बाद में सोनम ने उत्तर प्रदेश में आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी।

इससे पहले सोनम की तीन जमानत याचिकाएं अदालत खारिज कर चुकी थी, लेकिन चौथी बार उसे राहत मिल गई है। अब इस फैसले के बाद मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है और परिवार की हाईकोर्ट अपील पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post