दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) कटनी। जिले की ढीमरखेड़ा तहसील के अंतर्वेद गांव में स्थित तालाब इन दिनों ग्रामीणों के लिए भय का कारण बन गया है। यहां पिछले तीन दिनों से एक विशालकाय मगरमच्छ दिखाई दे रहा है, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों के मुताबिक, मगरमच्छ कभी तालाब की सतह पर तैरता नजर आता है तो कभी किनारे पर धूप सेंकते हुए दिखाई देता है। तालाब गांव का मुख्य जल स्रोत है, लेकिन मगरमच्छ की मौजूदगी के चलते लोगों ने वहां जाना पूरी तरह बंद कर दिया है।
मगरमच्छ के खतरे को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद वन विकास निगम कुंडम परियोजना की टीम मौके पर पहुंची और शुक्रवार से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।
रेंज अधिकारी मनीष आपरो के अनुसार, मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने के लिए तालाब के भीतर बड़ा पिंजरा लगाया गया है। टीम लगातार निगरानी कर रही है और जल्द ही मगरमच्छ को पकड़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
मगरमच्छ के कारण ग्रामीणों को अपने बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा की चिंता सता रही है। वन विभाग ने सभी को तालाब के पास न जाने की सख्त हिदायत दी है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रेस्क्यू के दौरान मगरमच्छ को किसी प्रकार की चोट न पहुंचे, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। पकड़ने के बाद उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा और फिर उसे मानव बस्ती से दूर किसी सुरक्षित नदी में छोड़ा जाएगा।
Tags
madhya pradesh

