Jabalpur News: युवक की संदिग्ध हालात में मिली लाश, हत्या की आशंका से सनसनी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मझौली थाना क्षेत्र के इंद्राना यज्ञशाला के पास एक युवक की लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान इंद्राना बगियाना मोहल्ला निवासी तुलसी कोल उर्फ भूरा (28) के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने हत्या की आशंका के चलते जांच शुरू कर दी है।

खाना खाकर निकला था टहलने, फिर नहीं लौटा

परिजनों के अनुसार तुलसी कोल 28 अप्रैल की रात खाना खाने के बाद रोज की तरह टहलने के लिए घर से निकले थे। आमतौर पर वह कुछ ही देर में लौट आते थे, लेकिन उस रात वापस नहीं आए। परिजनों ने रातभर उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

सुबह बरगद के पेड़ के नीचे मिली लाश

बुधवार सुबह करीब 6 बजे मृतक के भतीजे रंजीत ने सूचना दी कि तुलसी की लाश यज्ञशाला परिसर में बरगद के पेड़ के नीचे पड़ी है। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।

शरीर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। उनका बायां पैर घुटने से बुरी तरह मुड़ा हुआ था, जिससे मारपीट की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल के आसपास खून के धब्बे भी मिले हैं, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।

मौके से मिले अहम सुराग

पुलिस को मौके से मृतक की चप्पलें, खून से सने बांस के टुकड़े और एक टाट की पट्टी बरामद हुई है। ग्रामीणों का मानना है कि युवक की हत्या कहीं और कर शव को यहां फेंका गया है।

हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

मझौली थाना प्रभारी नेहरू सिंह खण्डाते अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post