Jabalpur News: ‘गड़ा धन’ के नाम पर करोड़ों की ठगी का खुलासा, एक ही परिवार के 4 आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। क्राइम ब्रांच ने एक बड़े ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए हरियाणा के एक ही परिवार के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ‘गड़ा धन’ मिलने का झांसा देकर शहर के डॉक्टरों को निशाना बनाया और करोड़ों रुपए की ठगी को अंजाम दिया।

झांसी से हुई गिरफ्तारी, करोड़ों की बरामदगी

क्राइम ब्रांच ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को झांसी से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद पनागर स्थित किराये के मकान से 1 करोड़ 55 लाख रुपए नकद, 84 ग्राम असली सोना, 20 किलो नकली सोने की गिन्नियां और 11 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों में पन्नालाल राठौर (60), धर्मेन्द्र (34), वीरेन्द्र (30) और रामादेवी (52) शामिल हैं, जो फरीदाबाद के निवासी हैं।

इलाज के बहाने बनाते थे संपर्क

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले डॉक्टरों से इलाज कराने के बहाने संपर्क करते थे। इसके बाद वे खुद को मजदूर बताकर यह कहानी गढ़ते कि खुदाई के दौरान उन्हें गड़ा हुआ सोना मिला है, जिसे वे बाजार में बेच नहीं पा रहे हैं।

असली सोने से बनाते थे भरोसा

आरोपी शुरुआत में 4-5 असली सोने की गिन्नियां देकर पीड़ितों का भरोसा जीतते थे। जब डॉक्टर इन गिन्नियों की जांच करवाते, तो वे असली निकलती थीं। इससे पीड़ित पूरी तरह उनके झांसे में आ जाते थे।

सस्ते सोने का लालच, फिर बड़ी ठगी

भरोसा बनने के बाद आरोपी 12 लाख रुपए प्रति किलो के भाव से बड़ी मात्रा में सोना देने का सौदा करते थे। बाजार से कम कीमत का लालच देकर डॉक्टरों को फंसाया जाता था। सौदा तय होने के बाद नकली सोने की गिन्नियां या बिस्किट देकर मोटी रकम ऐंठ ली जाती थी।

तीन अलग-अलग मामलों में शिकायत


इस मामले में 1 से 4 अप्रैल 2026 के बीच तीन शिकायतें दर्ज हुईं—

पहली शिकायत में करीब 10 लाख रुपए की ठगी

दूसरी में 50 लाख रुपए नकद लेकर नकली सोना दिया गया

तीसरी में 1 करोड़ रुपए की ठगी का मामला सामने आया

सभी मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

पुलिस की सतर्कता से खुला मामला

शिकायतें संपत उपाध्याय तक पहुंचने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। तकनीकी जांच और लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।

पुलिस की अपील

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि इस तरह के ‘गड़ा धन’ या सस्ते सोने के लालच में न आएं। किसी भी संदिग्ध प्रस्ताव की तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते ऐसी ठगी से बचा जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post