दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र में 29 मार्च की रात हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुख्य आरोपी बाबू सिंधी को पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने शहर में आरोपी का जुलूस भी निकाला, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा का संदेश दिया गया।
पुरानी रंजिश में की थी फायरिंग
जानकारी के अनुसार 29 मार्च की रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच चुंगी चौकी और कांचघर चौक के बीच यश थराट पर गोली चलाई गई थी। इस वारदात को बाबू सिंधी और उसके साथी निखिल कंजा ने अंजाम दिया था। दोनों आरोपियों के छोटू चौबे गैंग से जुड़े होने की बात सामने आई है।
फायरिंग में यश थराट घायल हो गया था, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज किया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
सीसीटीवी फुटेज से मिली सुराग
घटना की सूचना मिलते ही घमापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद आरोपियों की पहचान की गई और उनकी तलाश शुरू हुई।
जांच में यह भी सामने आया कि यश थराट और बाबू सिंधी के बीच पिछले करीब एक वर्ष से विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते इस फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया।
एनएसए के तहत कार्रवाई की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक पुलिस अब आरोपी बाबू सिंधी के आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए उसके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
वहीं दूसरे आरोपी निखिल कंजा की तलाश अभी जारी है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
