दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र में एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना बीती रात करीब 11:10 बजे महाराजपुर व्हील मोड़ स्थित शराब दुकान के पास हुई, जहां किराना सामान लेने गए युवक पर हमला कर दिया गया। पीड़ित अभिषेक पाण्डे (26) निवासी वेलकम कॉलोनी ने पुलिस को बताया कि वह फोटोग्राफी का काम करता है।
घटना के समय वह अपने एक दोस्त से खड़े होकर बात कर रहा था, तभी वहां मौजूद शुभम मिश्रा अपने दो साथियों के साथ उसके पास आया और गाली-गलौज करने लगा। जब अभिषेक ने विरोध किया तो तीनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान शुभम मिश्रा ने हत्या की नीयत से उसके पेट पर चाकू से वार किया, लेकिन अभिषेक के मुड़ जाने से चाकू उसकी जांघ में लग गया, जिससे वह घायल हो गया।
हमले के बाद आरोपी युवक को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। अधारताल थाना पुलिस ने आरोपी शुभम मिश्रा और उसके साथियों के खिलाफ धारा 296(बी), 109, 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Tags
jabalpur
