Jabalpur News: बैंक अपडेट लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हुआ हैक, खाते से 3.48 लाख रुपए पार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में बैंक अपडेट के नाम पर भेजे गए फर्जी लिंक पर क्लिक करने के बाद एक बुजुर्ग का मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद साइबर ठगों ने उनके बैंक खातों से करीब साढ़े तीन लाख रुपए निकाल लिए।पुलिस के अनुसार नानक नगर हनुमान मंदिर के पास रांझी निवासी 61 वर्षीय रमेश सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि  उनके व्हाट्सएप पर बैंक ऑफ इंडिया के लोगो वाली एक पीडीएफ आई थी। पीडीएफ में बैंक के न्यू वर्जन एप का लिंक दिया गया था। रमेश सिंह ने लिंक पर क्लिक कर दिया। इसके बाद उनका मोबाइल हैक हो गया और लगातार ओटीपी के मैसेज आने लगे। 

शिकायतकर्ता के अनुसार उनके बैंक ऑफ इंडिया खाते से अलग-अलग किश्तों में 25-25 हजार रुपए, 1 लाख रुपए, 49 हजार 500 रुपए, 49 हजार 600 रुपए और 88 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिए गए। इसके अलावा एक अन्य बैंक ऑफ इंडिया खाते से भी रकम निकाली गई। बाद में उनके खाते से दो बार में 49 हजार 552 रुपए भी निकाल लिए गए। इस तरह साइबर ठगों ने मोबाइल हैक कर उनके बैंक खातों से कुल 3 लाख 48 हजार 124 रुपए की ऑनलाइन धोखाधड़ी कर ली। पुलिस ने मामले में धारा 318(4) और 319(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post