दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। श्रीराम भक्त पवनसुत भगवान हनुमान के प्राकट्योत्सव पर गुरुवार को संस्कारधानी जबलपुर पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूब गई है। शहर के छोटे-बड़े हनुमान मंदिरों में सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। जगह-जगह पूजन, पाठ, सुंदरकांड, रामायण, हनुमान चालीसा, हवन, महाआरती और भंडारों का आयोजन किया गया।
भक्तों ने अंजनीनंदन, केसरीनंदन महाबली हनुमान से बल, बुद्धि, विद्या और संकटों से मुक्ति की कामना की। मंदिरों में “जय हनुमान ज्ञान गुण सागर” और “जय श्रीराम” के जयकारों से पूरा शहर गूंजता रहा।
शहर के सिद्ध हनुमान मंदिरों में उमड़ी भीड़
संस्कारधानी में कई ऐसे प्राचीन और सिद्ध हनुमान मंदिर हैं, जहां हनुमान जयंती पर विशेष आयोजन किए गए। कटरा वाले हनुमान मंदिर, सूपाताल, दीक्षितपुरा, रामलला मंदिर, बड़ी खेरमाई मंदिर, पाटबाबा मंदिर, खारीघाट हनुमानगढ़ी, रानीताल, विनय नगर, कछियाना, मेडिकल के सामने नरहरपुरी और हाईकोर्ट परिसर स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिरों में हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।
रामलला मंदिर में बाल हनुमान की प्रतिमा को गर्भगृह से बाहर निकालकर विशेष पूजन किया गया। यहां सवा लाख नारियलों के हवन, महाआरती और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
कटरा वाले हनुमान मंदिर में विशेष आयोजन
मिलौनीगंज स्थित कटरा वाले हनुमान मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हनुमत जन्मोत्सव मनाया गया। मंदिर में सुबह से ही पूजन-अर्चन का क्रम शुरू हो गया था। शाम चार बजे से यहां 36वीं शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो रामलीला प्रांगण में समाप्त होगी।
शोभायात्रा छोटा फुहारा, सुभाष टॉकीज, कोतवाली, कमानिया, फुहारा, निवाई गंज, दीक्षितपुरा और मनमोहन नगर होते हुए वापस मंदिर पहुंचेगी। शोभायात्रा में भगवान गणेश, अंजनीनंदन, राम दरबार, राधा-कृष्ण की झांकियां, बैंड-बाजे और कीर्तन मंडलियां शामिल होंगी। मंदिर के पुजारी मोहन महाराज और मोनू महाराज कई दिनों से तैयारियों में जुटे रहे। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
बड़ी खेरमाई और पाटबाबा मंदिर में विशेष पूजन
बड़ी खेरमाई मंदिर स्थित हनुमान मंदिर में ब्रह्म मुहूर्त में भगवान का दूध, दही, पंचामृत और जल से अभिषेक किया गया। इसके बाद हनुमान जी को चोला चढ़ाया गया। सुबह हवन, आरती और मावा प्रसाद का वितरण हुआ। पंडित प्रदीप दुबे ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी भक्तों के सहयोग से विशेष पूजन और भंडारे का आयोजन किया गया। वहीं जीसीएफ की पहाड़ियों पर स्थित पाटबाबा मंदिर में भी सुबह से भक्तों की भारी भीड़ रही। यहां दिनभर दर्शन, पूजन और प्रसाद वितरण का क्रम चलता रहा।
शहरभर में सुंदरकांड, हनुमान चालीसा और भजन संध्या
खारीघाट हनुमानगढ़ी में सुबह से मंत्रोच्चार, चोलाबंधन, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और हवन हुआ। शाम को प्रवचन और भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। उदय नगर स्थित दुर्गा हनुमान मंदिर में अखंड ज्योति और अखंड पाठ का आयोजन हुआ। एपीआर कॉलोनी कटंगा स्थित 64 योगिनी मंदिर में प्रभात फेरी निकाली गई और अखंड पाठ के बाद भंडारा रखा गया।
रानीताल पेट्रोल पंप स्थित हनुमान मंदिर में शाम सात बजे महाआरती और भजन संध्या होगी। वहीं सदर, विनय नगर, नेपियर टाउन, कछियाना, मेडिकल क्षेत्र और रानीताल चौक स्थित मंदिरों में भी दिनभर धार्मिक आयोजन जारी रहे।
हाईकोर्ट परिसर से लेकर मेडिकल क्षेत्र तक हुए धार्मिक आयोजन
हाईकोर्ट परिसर स्थित श्री सिद्ध दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में वकीलों और कर्मचारियों ने सामूहिक सुंदरकांड पाठ, हवन और महाआरती की। नरहरपुरी मेडिकल के सामने स्थित श्री संकटमोचन हनुमान और श्री सिद्धेश्वर गणेश मंदिर में अखंड रामायण पाठ और भंडारे का आयोजन किया गया। वहीं कछियाना स्थित मां खेरापति हनुमान मंदिर में सुंदरकांड और हवन हुआ।
नौदरा ब्रिज मंदिर में हुआ अभिषेक
नौदरा ब्रिज हनुमान मंदिर में श्रीरामचरितमानस अखंड पाठ प्रारंभ हुआ। सुबह चार बजे भगवान हनुमान का अभिषेक और जन्म आरती की गई। इसके बाद विधान पूजन, प्रसाद वितरण और भंडारा शुरू हुआ। मंदिर के पुजारी रमेश दुबे और राजेश दुबे ने बताया कि शाम सात बजे मानस पाठ का हवन और महाआरती होगी।
भंडारों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
हनुमान जयंती पर शहरभर में भंडारों की धूम रही। मंदिरों में खीर, पूड़ी, हलवा, पोहा, जलेबी, गुलाब जामुन, रसगुल्ला, रायता, सब्जियां और कई प्रकार के प्रसाद का वितरण किया गया। महिला, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग सभी बड़ी संख्या में मंदिरों में पहुंचे और भगवान हनुमान का आशीर्वाद प्राप्त किया।
Tags
jabalpur




.jpeg)