दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में चाकूबाजी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला हनुमानताल थाना क्षेत्र का है, जहां शादी समारोह में काम खत्म कर घर लौट रहे एक युवक की 7 से 8 अज्ञात बदमाशों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल विक्टोरिया ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार हनुमानताल थाना क्षेत्र स्थित कब्रिस्तान के तीन नंबर गेट के पास देर रात यह वारदात हुई। मृतक की पहचान मोहम्मद साहिल उर्फ मोनू के रूप में हुई है। साहिल शादी-बरातों में घोड़ा लगाने का काम करता था। बताया जा रहा है कि वह देर रात एक शादी समारोह से काम खत्म कर घोड़े को तबेले में बांधने के बाद अपने घर लौट रहा था।
इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे 7 से 8 अज्ञात बदमाशों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में साहिल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजन तत्काल घायल युवक को जिला अस्पताल विक्टोरिया लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन अधिक खून बह जाने और गंभीर चोटों के कारण साहिल ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही हनुमानताल थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।पुलिस का कहना है कि जल्द ही हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


