दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र में बीती रात फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई। चुंगी चौकी से कांचघर चौक के बीच छोटू चौबे गैंग से जुड़े बदमाशों ने पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर गोली चला दी। फायरिंग में घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार बीती रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच चुंगी चौकी और कांचघर चौक के बीच यश थराट नामक युवक पर बाबू सिंधी और निखिल कंजा ने फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी छोटू चौबे गैंग से जुड़े हुए हैं। गोली लगने से यश थराट घायल हो गया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही घमापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके से साक्ष्य जुटाए। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की गतिविधियों और फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यश थराट और बाबू सिंधी के बीच पिछले करीब एक साल से विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं, लेकिन उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
घमापुर थाना पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
