Jabalpur News: ग्वारीघाट में चले चाकू, युवक को घेरकर आरोपियों ने किया वार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। ग्वारीघाट थाना क्षेत्र में एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल युवक को उपचार के लिए पहले विक्टोरिया अस्पताल और बाद में जबलपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार पुरानी बस्ती ग्वारीघाट निवासी 35 वर्षीय निशांत पटेल बिल्डिंग निर्माण का काम करता है। उसने बताया कि उसकी बहन नीतू पटेल ने फोन कर बुलाया था और बताया कि नीचे दुकान वाले मोहित केवट कुछ लड़कों के साथ विवाद कर रहा है।

निशांत पटेल जब अपनी बहन के घर पहुंचा और विवाद कर रहे लोगों से बहस का कारण पूछा, तो मोहित केवट और उसके साथी दीपक जाटव, बाबी और भरत उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि इसी दौरान दीपक जाटव ने जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया। हमले में निशांत पटेल की ठोड़ी और सीने में चोट आई। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने निशांत पटेल की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post