Jabalpur News: करमचंद चौक की तीन मंजिला इमारत में भीषण आग, 40 गाड़ियों के पानी से सुबह 4 बजे पाया गया काबू ;सुबह फिर भड़की आग, दमकल ने एक घंटे में दोबारा किया नियंत्रित

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। करमचंद चौक स्थित म्यूजिकल पैलेस और कपड़ा कलेक्शन के गोदाम में सोमवार रात भीषण आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। संभवतः शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग ने देखते ही देखते तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। रात करीब 10 बजे लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के रिहायशी इलाके में दहशत फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम का फायर अमला मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि करीब 40 फायर गाड़ियों का पानी इस्तेमाल करना पड़ा।

सुबह 4 बजे तक चला राहत और बचाव कार्य

दमकल कर्मियों ने पूरी रात आग से जूझते हुए सुबह करीब 4 बजे तक आग पर काबू पाया। आग इतनी भीषण थी कि रात करीब 2 बजे सुरक्षा संस्थान सीओडी से हाईटेक फायर ब्रिगेड वाहन बुलाना पड़ा।

सीओडी से पहुंची हाईटेक फायर टीम ने बिल्डिंग के चारों ओर ऊंचाई से बारिश की तरह पानी की बौछार की, जिसके बाद आग को नियंत्रित किया जा सका। आग बुझाने में नगर निगम के दमकल कर्मचारियों के साथ चार थानों की पुलिस, बिजली विभाग, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग भी पूरी रात जुटे रहे।

सुबह 9 बजे फिर धधक उठा गोदाम

रातभर की मशक्कत के बाद सुबह करीब 4:30 बजे राहत कार्य समाप्त हुआ, लेकिन सुबह करीब 9 बजे गोदाम के ऊपरी हिस्से में एक बार फिर आग भड़क उठी। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम दोबारा मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह से बुझा दिया गया।

म्यूजिकल पैलेस से कपड़ा गोदाम तक पहुंची आग

म्यूजिकल पैलेस और सिमराज स्पोर्ट्स के संचालक राजेश गंगवानी ने बताया कि सोमवार रात करीब 9:30 बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। करीब 10:30 बजे उन्हें आग लगने की सूचना मिली। जब तक वह मौके पर पहुंचे, आग पूरी तरह से दुकान और गोदाम को अपनी चपेट में ले चुकी थी। कुछ ही देर में आग म्यूजिकल पैलेस से सटे अतिथि कलेक्शन तक पहुंच गई, जहां रखे कपड़ों में भी आग लग गई। राजेश गंगवानी के मुताबिक आग से करीब 2 करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है।

संकीर्ण रास्तों के कारण बढ़ी मुश्किलें

जिस इलाके में आग लगी, वहां तक दमकल वाहनों की सीधी पहुंच नहीं होने के कारण राहत कार्य में काफी परेशानी हुई। दुकानों में कपड़े, प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामान होने से आग तेजी से फैलती चली गई। आग लगने के बाद पूरे इलाके में घना धुआं फैल गया, जिससे आसपास के लोग घंटों दहशत में रहे। जिस मार्केट में आग लगी, उसके पास आधा दर्जन से अधिक मकान और एक अस्पताल भी मौजूद है। दमकल कर्मचारियों की बहादुरी से आसपास की इमारतों को सुरक्षित बचा लिया गया।

तेज हवा से और भड़की आग

फायर अधीक्षक कुशाग्र ठाकुर ने बताया कि मौसम में अचानक बदलाव और तेज हवा चलने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। आग पर काबू पाने के लिए लगातार पानी की बौछार करनी पड़ी। उन्होंने बताया कि आग की सूचना मिलते ही दमकल वाहन कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गए थे और पूरी रात लगातार राहत कार्य जारी रखा गया।

रेलवे अस्पताल में भी लगी आग, समय रहते बुझाई गई

इधर, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे सिविल लाइन स्थित रेलवे अस्पताल में एसी में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल कर्मचारियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर दमकल वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन उससे पहले ही अस्पताल कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया था। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

Post a Comment

Previous Post Next Post