Jabalpur News: रिटायर्ड सैनिक को पुलिस के सामने मारा थप्पड़, फटा कान का पर्दा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गौर इलाके में एक रिटायर्ड सैनिक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में रिटायर्ड सैन्यकर्मी को थप्पड़ मारते हुए देखा जा रहा है। थप्पड़ लगने से उनका कान का पर्दा फट गया, जिसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़ित रिटायर्ड सैन्यकर्मी आरके सिंह ने मंगलवार को जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपते हुए बताया कि उनके घर के सामने और पड़ोसी मदन यादव के घर के सामने एक साझा गार्डन है। मदन यादव उस गार्डन में सब्जियां उगाते थे, बाद में उन्होंने भी वहां सब्जियां लगाना शुरू किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

आरके सिंह के अनुसार, 27 मार्च को मदन यादव ने कुछ लोगों को बुलाया। इसी दौरान पुलिस की मौजूदगी में एक व्यक्ति ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। थप्पड़ लगने के बाद उन्हें सुनने में परेशानी होने लगी। बाद में सेना के अस्पताल में जांच कराने पर डॉक्टरों ने उनके कान का पर्दा फटा होना बताया और ऑपरेशन की जरूरत बताई।

पीड़ित का कहना है कि उन्होंने घटना की लिखित शिकायत गौर थाना में दी थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी वजह से उन्होंने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत पत्र और घटना का वीडियो सौंपा।

आरके सिंह ने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार धमकियां भी मिल रही हैं। उनका कहना है कि मदन यादव की बेटी अधिवक्ता है और उसके प्रभाव का इस्तेमाल कर उन पर दबाव बनाया जा रहा है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post