दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मदनमहल इलाके में शुक्रवार देर रात प्रेम प्रसंग से उपजा विवाद खौफनाक हिंसा में बदल गया। इस विवाद में एक 17 वर्षीय नाबालिग की जान चली गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। चौंकाने वाली बात यह है कि मृतक का इस पूरे विवाद से कोई सीधा संबंध नहीं था—वह सिर्फ बीच-बचाव करने गया था।
दोस्ती, ब्रेकअप और नया रिश्ता बना विवाद की जड़
घमापुर के लाल मिट्टी निवासी 22 वर्षीय क्रिश कुमार का एक युवती से पिछले दो साल से प्रेम संबंध था। हाल ही में दोनों का ब्रेकअप हो गया। इसके बाद युवती की सोशल मीडिया के जरिए बेदी नगर निवासी यशराज से दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे रिश्ते में बदल गई।
जब क्रिश को इस नए रिश्ते की जानकारी मिली, तो उसने युवती से दोबारा संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन युवती ने साफ इनकार कर दिया। यहीं से तनाव की शुरुआत हुई।
फोन पर बहस के बाद हुआ आमने-सामने
शुक्रवार को गौरीघाट पर जवारे विसर्जन के दौरान क्रिश और युवती के बीच बहस हुई। युवती ने अपने नए बॉयफ्रेंड यशराज को कॉल कर बताया कि क्रिश उसे परेशान कर रहा है।
इसके बाद यशराज और क्रिश के बीच फोन पर तीखी बहस हुई और दोनों ने आमने-सामने मिलने का तय किया।
बीच-बचाव बना मौत की वजह
रात करीब 11:30 बजे मदनमहल स्थित दशमेश द्वार पर दोनों पक्ष आमने-सामने आए। विवाद बढ़ने पर 17 वर्षीय ऋषभ बीच-बचाव के लिए आगे आया।
इसी दौरान यशराज पक्ष के लोगों ने ऋषभ पर चाकू से हमला कर दिया। उसके सीने में दो वार किए गए। घायल अवस्था में भागते समय वह गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपियों ने उस पर पत्थरों से हमला भी किया।
अस्पताल में तोड़ा दम
गंभीर हालत में ऋषभ को पहले निजी अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना में अंशराज सहित दो अन्य युवक घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।
दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य फरार
पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों को आरोपी बनाया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यशराज और अंशराज को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि क्रिश सहित अन्य आरोपी फरार हैं।
सीएसपी आशीष जैन के अनुसार, मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है और जांच जारी है। मृतक ऋषभ 10वीं कक्षा का छात्र था।


