Jabalpur News: मदनमहल चौक पर 17 वर्षीय नाबालिग को 10 बदमाशों ने चाकुओं से गोदा, मौत

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मदनमहल चौक पर करीब डेढ़ बजे 17 वर्षीय नाबालिग की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

मृतक की पहचान ऋषभ राजपूत (17) निवासी सिद्धबाबा बस्ती, लाल माटी (थाना घमापुर) के रूप में हुई है।

5 बाइक से आए बदमाश, घेरकर किया हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऋषभ बाइक से छोटी लाइन से मेडिकल की ओर जा रहा था। जैसे ही वह मदनमहल क्षेत्र में शुभम अस्पताल के पास पहुंचा, तभी 5 बाइक पर सवार 8 से 10 बदमाशों ने उसे रोक लिया।

बिना किसी विवाद या बातचीत के आरोपियों ने युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। युवक ने बचने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। सीने और पेट में गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

अस्पताल ले जाते समय हालत बिगड़ी, इलाज के दौरान मौत

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग उसे पास के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जांच में जुटी पुलिस, CCTV खंगाले जा रहे

घटना की जानकारी मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस और सीएसपी आशीष जैन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच शुरू कर दी है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।

एक और युवक घायल, भूमिका संदिग्ध

वारदात के कुछ देर बाद करीब 20 वर्षीय एक युवक घायल हालत में थाने पहुंचा, जिसे चाकू लगा हुआ था। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, घायल युवक मृतक का दोस्त है या वारदात में शामिल आरोपी—यह अभी स्पष्ट नहीं है। फिलहाल वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके बयान के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post