दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। खमरिया थाना क्षेत्र से एक मामला सामने आया है, यहां एक प्रेमी को अपनी प्रेमिका से बेवफाई करना भारी पड़ गया और आखिरकार उसे पुलिस के डर से दूल्हा बनना ही पड़ा।
ये है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, रंजीत कुशवाहा नाम का युवक लंबे समय से शालिनी ठाकुर के साथ प्रेम संबंध में था। दोनों के बीच शादी की बात भी चल रही थी, लेकिन अचानक युवक ने शादी से किनारा करना शुरू कर दिया। वह लगातार बहाने बनाकर शादी टाल रहा था और बाद में साफ तौर पर मुकरने लगा।
युवती ने दिखाई हिम्मत
जब युवक ने शादी से इनकार किया, तो शालिनी ठाकुर ने हार नहीं मानी। उसने सीधे खमरिया थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। युवती ने पुलिस को बताया कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए और अब वह मुकर रहा है।
जैसे ही मामला पुलिस तक पहुंचा, युवक पर कानूनी कार्रवाई का खतरा मंडराने लगा। FIR दर्ज होने और गिरफ्तारी के डर से रंजीत कुशवाहा का रवैया अचानक बदल गया। पुलिस की सख्ती और कानूनी फंदे से बचने के लिए युवक ने आखिरकार शादी के लिए हामी भर दी।
मंदिर में कराई गई शादी
दोनों पक्षों की सहमति से रंजीत और शालिनी की मंदिर में शादी कराई गई। पुलिस की मौजूदगी में दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत की।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
रंजीत और शालिनी की शादी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इसे “इंसाफ की जीत” और “कानून का असर” बताकर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
Tags
jabalpur
