Jabalpur News: लकड़गंज चौक पर चले चाकू, युवक गंभीर घायल; तीन आरोपी फरार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के बेलबाग थाना क्षेत्र में बीती रात एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने युवक को सुनियोजित तरीके से बुलाकर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल का इलाज निजी अस्पताल में जारी है।

जानकारी के अनुसार शेख रिजवान उर्फ बल्लू खान (30) निवासी लकड़गंज मस्जिद के पीछे बेलबाग ने बताया कि वह नरघैया स्थित सुवीर मेंस वेयर कपड़ा दुकान में काम करता है।

बीती रात करीब 8 बजे वह अपने घर पर था, तभी उसके मोबाइल पर सैमूर खान का कॉल आया, जिसे वह रिसीव नहीं कर सका। इसके बाद उसने तुरंत उसी नंबर पर कॉल बैक किया। सैमूर खान ने उसे लकड़गंज चौराहे के पास बुलाया।

पहले से घात लगाकर बैठे थे आरोपी

जैसे ही रिजवान द्वारा बताए गए लकड़गंज चौक पर पहुंचा, वहां सैमूर खान लाल रंग की रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल के साथ खड़ा था। वहीं दो अन्य युवक स्प्लेंडर बाइक पर सवार थे, जिनके चेहरे मास्क से ढके हुए थे।

रिजवान के पहुंचते ही सैमूर खान ने इशारा करते हुए कहा—"यही रिजवान है, इसे जान से मारो।" इसके बाद दोनों आरोपियों ने उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

सीना, कंधा और जांघ में गंभीर चोटें

हमले में रिजवान के सीने, कंधे, पैर और जांघ में गंभीर चोटें आईं। इसी दौरान उसका भाई इमरान और नीरज सोनकर मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखते ही तीनों आरोपी बाइक से दर्शन चौक की ओर भाग निकले।

अस्पताल में चल रहा इलाज

घायल को परिजन तत्काल विक्टोरिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत फिलहाल गंभीर बताई जा रही है।

मामला दर्ज, जांच जारी

पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post