दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के एक स्कूल में कार्यरत दो महिला कर्मियों का छिपकर वीडियो बनाकर वायरल करने का मामला सामने आया है। आरोपी पर महिला कर्मियों के साथ छेड़छाड़, अश्लील हरकतें करने और विरोध करने पर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर उनकी छवि खराब करने का आरोप लगा है।
पीड़ित 42 वर्षीय महिला स्कूल में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं। जानकारी के अनुसार वह अवकाश पर थीं, लेकिन प्राचार्य के निर्देश पर जरूरी कार्यालयीन कार्य के लिए स्कूल पहुंची थीं। इसी दौरान आरोपी राजेश अहिरवार स्कूल पहुंचा और महिला कर्मी का वीडियो बनाने लगा।
महिला की सहकर्मी ने जब उसे ऐसा करते देखा तो विरोध किया। इस पर आरोपी अभद्रता करते हुए वहां से भाग गया। इसके बाद वह लगातार स्कूल पहुंचकर महिला कर्मी के साथ छेड़छाड़ का प्रयास करता रहा। आरोप है कि आरोपी महिला को देखकर अश्लील इशारे करता था और परेशान करता था।
गुरुवार को भी आरोपी ने महिला कर्मी को देखकर अश्लील हरकत की। इससे परेशान होकर महिला कर्मी ने स्कूल प्रबंधन और अधिकारियों से शिकायत की। शिकायत के बाद आरोपी नाराज हो गया और उसने महिला कर्मी तथा उनकी सहकर्मी का पहले से चोरी-छिपे बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
बताया जा रहा है कि वीडियो के साथ आरोपी ने आपत्तिजनक टिप्पणियां भी कीं, जिससे दोनों महिला कर्मियों की प्रतिष्ठा धूमिल करने का प्रयास किया गया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित महिला कर्मी ने रांझी थाने में आरोपी राजेश अहिरवार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
