Jabalpur News: बीच सड़क पर हवाई फायरिंग करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। माढ़ोताल क्षेत्र में बीच सड़क पर हवाई फायरिंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से उठक-बैठक लगवाई और क्षेत्र में उनका जुलूस भी निकाला।

वायरल वीडियो में दो युवक सड़क पर बाइक खड़ी कर सिगरेट पीते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक युवक कमर से पिस्टल निकालकर हवाई फायर कर देता है। वीडियो सामने आने के बाद एसपी संपत उपाध्याय ने मामले को संज्ञान में लिया और माढ़ोताल थाना प्रभारी को कार्रवाई के निर्देश दिए।

जांच में पता चला कि वीडियो 3 अप्रैल 2026 की शाम करीब 7:30 बजे का है। घटना मरघटाई के पास टगर माढ़ोताल क्षेत्र की बताई गई है। वीडियो में सत्यम होम्स माढ़ोताल निवासी 27 वर्षीय रितिक जायसवाल और विजय नगर के कचनार सिटी निवासी 19 वर्षीय प्रथम सिंह राजपूत नजर आ रहे हैं।

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना स्वीकार कर ली। रितिक जायसवाल ने बताया कि उसने 3 से 4 महीने पहले हनुमानताल निवासी जब्बार खान से पिस्टल ली थी और दो दिन पहले उसे वापस कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने जब्बार खान को भी हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक आईफोन और एक यामाहा बाइक जब्त की है।

पुलिस के अनुसार प्रथम सिंह राजपूत के खिलाफ पहले से अवैध वसूली और मारपीट के तीन मामले दर्ज हैं, जबकि रितिक जायसवाल पर हत्या के प्रयास का मामला पहले से दर्ज है।

जांच में यह भी सामने आया कि जिस स्थान पर फायरिंग की गई, वह सार्वजनिक सड़क और रिहायशी कॉलोनी का क्षेत्र है, जहां लोगों का लगातार आना-जाना रहता है। रितिक के पास किसी प्रकार का वैध हथियार लाइसेंस भी नहीं था।

माढ़ोताल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 और बीएनएस की धारा 125 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post