Jabalpur News: साइबर ठगी का खुलासा, डॉक्टर से दो महीने में 3.04 करोड़ की ठगी, दो गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। “रुपए कई गुना करने” का लालच देकर एक 40 वर्षीय डॉक्टर से ठगों ने दो महीने के भीतर 3 करोड़ 4 लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिए। रकम बढ़ने पर ठगों ने अकाउंट बंद कर दिया। शिकायत के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गौरा बाजार क्षेत्र निवासी डॉक्टर अपने क्लीनिक में बैठे फेसबुक चला रहे थे। तभी उन्हें शेयर बाजार से जुड़ा एक लिंक मिला। लिंक क्लिक करने के बाद अगले दिन कॉल आया, जिसमें ठगों ने शेयर मार्केट में निवेश पर रोज 91% और लंबे समय में 500% तक रिटर्न का झांसा दिया।

फर्जी ऐप में दिखता था बढ़ता पैसा

ठगों ने डॉक्टर को लिंक के जरिए ऐप डाउनलोड कराकर बड़ी कंपनी से जुड़े होने का दावा किया। इसमें रोज निवेश के बाद बढ़ती रकम दिखाई जाती थी। इसी लालच में डॉक्टर ने 2 महीने में किश्तों में 3.04 करोड़ रुपए ट्रांसफर कर दिए। अचानक अकाउंट बंद होने पर ठगी का खुलासा हुआ।

80 लाख रुपए होल्ड, दो गिरफ्तार

एसपी संपत उपाध्याय के निर्देश पर जांच में शीतलामाई निवासी संस्कार केशरवानी और खमरिया तिघरा निवासी सौरभ विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि बैंक खातों को खरीदकर ठगी की रकम निकाल ली जाती थी। पुलिस ने करीब 80 लाख रुपए समय रहते होल्ड करवा लिए हैं।

ठगी का तरीका

आरोपी टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए अलग-अलग राज्यों में बैठे गिरोह से जुड़े थे। ये लोग करंट/कॉर्पोरेट अकाउंट खोलकर लोगों से पैसे मंगवाते और हिस्सेदारी में पैसा बांट लेते थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post