दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। पैसों के विवाद में हुए इस खूनी संघर्ष ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
2 लाख रुपए नहीं देने पर खोया आपा
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के पिछोड़ी गांव की है। मृतक की पहचान 58 वर्षीय जगन बडोले के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उनका बेटा चंदन बडोले (32) बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, चंदन लंबे समय से पिता से पैसों की मांग कर रहा था। पहले ही उसे करीब 2 लाख रुपए दिए जा चुके थे, लेकिन वह और पैसे मांग रहा था।
कनपटी पर सटाकर मारी गोली
सोमवार दोपहर पिता-पुत्र के बीच पैसों को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई। इसी दौरान चंदन ने घर में रखी पिस्तौल उठाई और पिता की कनपटी पर सटाकर गोली मार दी।
गोली सिर को चीरते हुए निकल गई, जिससे जगन बडोले की मौके पर ही मौत हो गई।
पत्नी की सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मृतक की पत्नी गौरी बाई ने पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वारदात के बाद आरोपी चंदन मौके से फरार हो गया।
परिवार के पास करीब 7 एकड़ जमीन है। बताया जा रहा है कि जमीन और पैसों को लेकर पिता-पुत्र के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। स्थानीय लोगों के अनुसार, चंदन का व्यवहार पिछले कुछ समय से आक्रामक हो गया था।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
Tags
madhya pradesh
