MP News: सुसाइड का ड्रामा कर इंजीनियर ने छात्रा को कमरे पर बुलाया, फिर किया रेप; अश्लील वीडियो बनाकर करता रहा ब्लैकमेल

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल।
राजधानी के अशोका गार्डन इलाके से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक डेटा इंजीनियर ने अपनी ही प्रेमिका को जान देने की धमकी देकर कमरे पर बुलाया और फिर दरिंदगी की। आरोपी ने न सिर्फ छात्रा के साथ दुष्कर्म किया, बल्कि उसका अश्लील वीडियो बनाकर लंबे समय तक ब्लैकमेल भी करता रहा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, 23 वर्षीय पीड़िता निशातपुरा इलाके की रहने वाली है और बीकॉम फाइनल ईयर की छात्रा है। जून 2025 में पीड़िता के भाई की शादी के दौरान उसकी मुलाकात आरोपी मोहम्मद आकिब खान से हुई थी। आकिब पेशे से डेटा इंजीनियर है। शादी में मेल-जोल के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और दोस्ती जल्द ही प्रेम संबंध में बदल गई।

अगस्त 2025 में किसी विवाद के चलते युवती ने आकिब से दूरी बना ली थी और बात करना बंद कर दिया था। पीछा छुड़ाने की कोशिश से बौखलाए आकिब ने एक दिन युवती को वीडियो कॉल किया और अपने गले में फांसी का फंदा डालकर आत्महत्या करने का नाटक किया। उसने धमकी दी कि अगर वह आधे घंटे में उसके कमरे पर नहीं आई, तो वह जान दे देगा। घबराई हुई छात्रा उसे बचाने के लिए कमरे पर पहुँची, जहाँ आरोपी ने उसे अपनी बातों में फंसाकर उसके साथ गलत काम किया और चुपके से वीडियो बना लिया।

पहली घटना के बाद आरोपी के हौसले बुलंद हो गए। उसने उन अश्लील वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर छात्रा को लगातार डराया और कई महीनों तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर आखिरकार पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और पुलिस की शरण ली।

अशोका गार्डन थाने के एसआई विजय भामरे ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर तत्काल मामला दर्ज किया गया। सोमवार सुबह आरोपी मोहम्मद आकिब खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपी का मोबाइल और वह वीडियो बरामद करने का प्रयास कर रही है जिसका उपयोग वह ब्लैकमेलिंग के लिए करता था।

Post a Comment

Previous Post Next Post