Jabalpur News: अवैध उत्खनन पर छापेमारी के दौरान भगदड़, नर्मदा नदी में डूबने से युवक की मौत; परिजनों का हंगामा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई के दौरान सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। जमतरा पुल के पास छापेमारी करने पहुँची टीम को देख मची भगदड़ में एक युवक नर्मदा नदी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में जबरदस्त तनाव फैल गया और आक्रोशित परिजनों ने पुलिस व माइनिंग टीम पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

जानकारी के अनुसार, गौर चौकी के अंतर्गत जमतरा पुल के पास अवैध रेत उत्खनन की सूचना मिलने पर जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम कार्रवाई करने पहुँची थी। टीम को अचानक सामने देख मौके पर मौजूद उत्खनन कारियों और मजदूरों में भगदड़ मच गई। इसी दौरान पकड़े जाने के डर से कुछ युवक नदी की ओर भागे।

भगदड़ के दौरान आकाश बर्मन नामक युवक संतुलन खो बैठा और सीधे नर्मदा नदी की गहराई में जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन पानी गहरा होने के कारण वह बाहर नहीं आ सका और डूबने से उसकी मौत हो गई।

युवक की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर जमा हो गए। परिजनों का आरोप है कि पुलिस और प्रशासन की टीम ने बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के अचानक दबिश दी, जिससे युवक की जान गई।आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर मौजूद माइनिंग टीम को घेर लिया और नारेबाजी की।  हालात बिगड़ते देख आसपास के थानों से भारी पुलिस बल बुलाया गया, जिसने घंटों की मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया।

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि यह एक आकस्मिक दुर्घटना है, जो कार्रवाई के दौरान मची भगदड़ के कारण हुई।  शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पूरे घटनाक्रम की मैजिस्टीरियल जांच या विभागीय जांच के आदेश दिए जा सकते हैं।

घटना के बाद से जमतरा और गौर क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post