दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के पॉश इलाके सर्किट हाउस के पास खाने की दुकान (ढाबा) चलाने वाले एक व्यक्ति की अज्ञात बदमाशों ने गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक का शव बर्न कंपनी पावर हाउस के पास सड़क किनारे मिला। पुलिस ने मर्ग जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
दुकान बंद करने के बाद से लापता थे रज्जू कोरी
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से कंचनपुर (अधारताल) निवासी श्रीमती आरती कोरी (38 वर्ष) सिविल लाइन थाना अंतर्गत सर्किट हाउस नंबर 02 के पास खाने की दुकान चलाती हैं। आरती ने पुलिस को बताया कि 22 मई 2026 की रात करीब 8:00 बजे उनके पति रज्जू कोरी दुकान बंद करने के बाद वहीं रुक गए थे और आरती अपने घर कंचनपुर आ गई थीं। अगले दिन 23 मई की सुबह जब वे दुकान पहुंचीं, तो रज्जू वहां नहीं मिले। परिजनों ने अपने स्तर पर उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं लगा।
सड़क किनारे मृत अवस्था में मिला शव
लापता रज्जू कोरी की तलाश के दौरान 25 मई की सुबह करीब 7:30 बजे तब सनसनी फैल गई, जब आरती अपने बेटे हेमंत के साथ उन्हें ढूंढते हुए बर्न कंपनी पावर हाउस के पास पहुंचीं। वहां सड़क के किनारे रज्जू कोरी मृत अवस्था में पड़े हुए मिले। घटना की सूचना तुरंत सिविल लाइन थाना पुलिस को दी गई।
गले पर मिले निशान, पीएम रिपोर्ट में मर्डर का खुलासा
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मृतक का शरीर पूरी तरह अकड़ चुका था और उनके गले पर किसी चीज से घोंटे जाने (लिगेचर मार्क) के गहरे निशान थे। पुलिस ने तत्काल शव को पोस्टमार्टम (PM) के लिए भिजवाया।
शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने साफ किया कि रज्जू कोरी की मृत्यु गला घोंटने के कारण सांस रुकने (Asphyxia due to strangulation) से हुई है।
मर्ग जांच, घटनास्थल के बारीकी से किए गए निरीक्षण और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने माना कि रज्जू कोरी की किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा गला घोंटकर हत्या की गई है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (1) के तहत हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है और मृतक के कॉल डिटेल्स के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।
