Jabalpur News: चलती ट्रेन में चढ़ते समय फिसला पैर, जवानों ने खींचकर बचाई होमगार्ड की जान

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर रेलवे स्टेशन पर RPF जवानों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। प्लेटफार्म नंबर-5 पर चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहे एक होमगार्ड सैनिक का पैर फिसल गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफार्म के बीच आ गया। मौके पर मौजूद RPF कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसकी जान बचा ली।

जानकारी के अनुसार, 25 मई की शाम करीब 5 बजे गाड़ी संख्या 22189 जबलपुर-रीवा इंटरसिटी एक्सप्रेस प्लेटफार्म से रवाना हो रही थी। इसी दौरान 56 वर्षीय गुनागार तिवारी चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे। अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे प्लेटफार्म व ट्रेन के बीच फंस गए।

घटना को देख ड्यूटी पर तैनात सहायक उप निरीक्षक धीरज कुमार एवं प्रधान आरक्षक भाग सिंह तत्काल उनकी ओर दौड़े और सूझबूझ के साथ उन्हें सुरक्षित बाहर खींच लिया। जवानों की तत्परता से एक गंभीर दुर्घटना टल गई।

घटना में गुनागार तिवारी को कोई चोट नहीं आई। बाद में उन्हें सुरक्षित प्लेटफार्म पर लाया गया। उन्होंने बताया कि वे होमगार्ड मुख्यालय जबलपुर में पदस्थ हैं और सिहोरा स्थित अपने निवास जा रहे थे।

पूरी घटना रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने RPF जवानों के साहस एवं तत्परता की सराहना की है।

रेलवे अधिकारियों ने भी यात्रियों से अपील की है कि वे चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि ऐसा करना जानलेवा साबित हो सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post