दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत शीतलामाई इलाके में पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। दो बदमाशों ने घर के अंदर दाखिल होकर एक युवक पर तलवार से वार कर दिया। इस दौरान जब उसका साथी बीच-बचाव करने पहुंचा, तो आरोपियों ने उस पर भी चाकू से हमला कर लहूलुहान कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घमापुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अच्छेमिया का बाड़ा (शीतलामाई, घमापुर) निवासी 25 वर्षीय आकाश राजपूत ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि वह निजी काम करता है। घटना के समय आकाश अपने घर पर ही मौजूद था। इसी दौरान इलाके के ही रहने वाले राज सोनकर और साहिल ठाकुर उसके घर के अंदर घुस आए और उसे आवाज देकर बाहर बुलाया। जैसे ही आकाश उनके सामने आया, दोनों आरोपियों ने पुरानी रंजिश की बात निकालते हुए उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
जब आकाश ने गालियां देने का कड़ा विरोध किया, तो आरोपी राज सोनकर ने जान से मारने की नीयत से अपने पास छिपाकर रखी धारदार तलवार निकाली और आकाश पर सीधे हमला कर दिया। इस हमले में तलवार आकाश के बाएं हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इसी बीच दूसरे आरोपी साहिल ठाकुर ने आकाश को दबोच लिया और हाथ-मुक्कों से ताबड़तोड़ मारपीट करते हुए उसके सीने पर गंभीर चोटें पहुंचाईं।
घर के भीतर चीख-पुकार और विवाद की आवाज सुनकर आकाश का साथी प्रकाश सिंह राजपूत वहां पहुंचा और उसने बीच-बचाव करने की कोशिश की। प्रकाश को देखकर दोनों हमलावर और उग्र हो गए। आरोपी साहिल ठाकुर ने तुरंत अपने पास रखा चाकू निकाला और प्रकाश सिंह राजपूत पर वार कर दिया, जिससे चाकू उसके दाहिने हाथ में धंस गया और वह भी लहूलुहान हो गया। वारदात के बाद दोनों आरोपी चिल्लाते हुए और दोबारा दिखने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले।
घमापुर थाना पुलिस ने पीड़िता आकाश राजपूत के बयानों और प्राथमिक चिकित्सा रिपोर्ट के आधार पर आरोपी राज सोनकर और साहिल ठाकुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(ए), 109(1), 118(1), 351(2), 331(4) एवं 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है।
Tags
jabalpur
