दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संस्कारधानी के सिहोरा थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां वार्ड नंबर-7 स्थित गढ़िया मोहल्ले में देर रात एक कलयुगी बेटे ने मामूली बात पर अपनी 65 वर्षीय वृद्ध मां की टेबल फैन से सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका का कुसूर सिर्फ इतना था कि वह अपने बेटे और बहू के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने और बीच-बचाव करने पहुंची थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
देर रात खाना बनाने की बात पर शुरू हुआ था विवाद
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिहोरा निवासी आरोपी करण कोल एक प्राइवेट नौकरी करता है। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे वह शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा। उसने अपनी पत्नी कांति बाई कोल से खाना बनाने को कहा। इतनी देर रात होने के कारण पत्नी ने खाना बनाने से मना कर दिया, जिससे नाराज होकर करण गुस्से से आगबबूला हो गया और पत्नी के साथ मारपीट करने लगा।
बीच-बचाव करने आई मां पर टूट पड़ा कलयुगी बेटा
कमरे से आ रही चीख-पुकार और शोरगुल सुनकर पास के कमरे में सो रही करण की मां गिरानी बाई कोल (65 वर्ष) वहां पहुंचीं। उन्होंने अपने बेटे को फटकार लगाई और शांत होकर सोने की सलाह दी। गिरानी बाई काफी देर तक करण को समझाती रहीं, लेकिन वह लगातार गाली-गलौज करता रहा। जब मां ने परेशान होकर उसे घर से बाहर जाने को कहा, तो आरोपी अपनी मां से ही अभद्रता करने लगा।
जैसे ही मां उसके नजदीक पहुंची, तैश में आकर आरोपी करण ने पास में रखा भारी-भरकम टेबल फैन उठाया और मां के सिर पर दे मारा। आरोपी यहीं नहीं रुका, वह लगातार टेबल फैन से मां के सिर, हाथ और सीने पर वार करता रहा। पत्नी कांति बाई ने जब अपनी सास को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की। गंभीर चोटें आने के कारण वृद्ध गिरानी बाई लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम, आरोपी गिरफ्तार
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। बहू कांति बाई ने तुरंत पास ही रहने वाले अपने जेठ (मृतका के बड़े बेटे) दशरथ कोल को फोन पर घटना की जानकारी दी। दशरथ जब मौके पर पहुंचा, तो मां खून से लथपथ हालत में पड़ी थीं। उन्हें तुरंत उपचार के लिए सिहोरा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। एएसपी सूर्यकांत शर्मा के अनुसार पति-पत्नी के बीच हो रहे घरेलू विवाद में जब वृद्ध मां बीच-बचाव करने पहुंची, तो आरोपी बेटे ने टेबल फैन से हमला कर उनकी हत्या कर दी। सिहोरा थाना पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया है। वारदात के बाद भाग रहे आरोपी बेटे को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।
Tags
jabalpur

