Jabalpur News: दुबई जाने से पहले उजड़ गए सपने, खमरिया में तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने युवक को कुचला, मौके पर मौत

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। खमरिया थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। खमरिया गुरुद्वारे के पास तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया।

जानकारी के अनुसार गोकलपुर निवासी शेरोन स्वर्णिल चौधरी पिता उदयराम चौधरी बाइक से अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह खमरिया गुरुद्वारे के पास पहुंचा, सामने से आ रहे तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि शेरोन की हाल ही में दुबई में नौकरी लगी थी। वह दो दिन पहले ही दिल्ली से वीजा प्रक्रिया पूरी कर वापस जबलपुर लौटा था। परिवार में उसके विदेश जाने की तैयारियां चल रही थीं और खुशी का माहौल था, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने सारी खुशियां छीन लीं।

घटना के बाद मौके पर पहुंची खमरिया थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं पुलिस ने संदिग्ध मिनी ट्रक और चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post