दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्यप्रदेश में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों को देखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेश के शासकीय शिक्षकों को एक बड़ी राहत दी है। सरकार ने शिक्षकों के ग्रीष्मकालीन अवकाश (समर वेकेशन) की अवधि को 7 दिन और आगे बढ़ा दिया है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) द्वारा जारी किए गए आधिकारिक आदेश के अनुसार, अब शिक्षक 31 मई की जगह आगामी 7 जून 2026 तक गर्मी की छुट्टियां मना सकेंगे।
हालांकि, स्कूल शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि यह आदेश केवल प्रदेश के शिक्षकों के लिए ही लागू होगा, स्कूली छात्र-छात्राओं की छुट्टियों के शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं किया गया है। विद्यार्थियों के लिए पूर्व में घोषित 15 जून तक का ग्रीष्मकालीन अवकाश यथावत जारी रहेगा।
गौरतलब है कि नौतपा के दौरान मध्यप्रदेश के अधिकांश जिलों में पारा लगातार रिकॉर्ड तोड़ रहा है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हुआ है। शनिवार, 30 मई को भी प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया, जिसमें सर्वाधिक तापमान नरसिंहपुर में 43.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा रायसेन में 43 डिग्री, विदिशा और नर्मदापुरम में 42.5 डिग्री तथा राजगढ़ में 42.4 डिग्री तापमान दर्ज होने के कारण मौसम विभाग ने अभी राहत न मिलने की आशंका जताई है। इसी अत्यधिक गर्मी और स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोक शिक्षण संचालनालय ने शिक्षकों की छुट्टियां बढ़ाने का फैसला लिया है।
