अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान, ईशान किशन की वापसी; बुमराह-जडेजा को आराम

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। अफगानिस्तान के खिलाफ जून में होने वाली टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। वनडे टीम में विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की करीब तीन साल बाद वापसी हुई है, जबकि रोहित शर्मा और विराट कोहली को भी टीम में शामिल किया गया है। वहीं तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को दोनों फॉर्मेट से आराम दिया गया है।

इस बार चयनकर्ताओं ने कई नए खिलाड़ियों को मौका दिया है। प्रिंस यादव को पहली बार वनडे टीम में शामिल किया गया है, जबकि मानव सुथार, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे को टेस्ट टीम में जगह मिली है। अफगानिस्तान की टीम जून में भारत दौरे पर आएगी, जहां दोनों देशों के बीच एक टेस्ट और तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे। टेस्ट मैच मुल्लांपुर में होगा, जबकि वनडे मुकाबले धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में खेले जाएंगे।

टीम चयन में सबसे बड़ा बदलाव टेस्ट टीम की उपकप्तानी को लेकर देखने को मिला। ऋषभ पंत से उपकप्तानी की जिम्मेदारी वापस ले ली गई है और अब यह जिम्मेदारी केएल राहुल को सौंपी गई है। शुभमन गिल टेस्ट और वनडे दोनों टीमों की कप्तानी करेंगे। देवदत्त पडिक्कल की भी टेस्ट टीम में वापसी हुई है, जबकि साई सुदर्शन को भी मौका मिला है।

ईशान किशन ने अपना आखिरी वनडे मुकाबला अक्टूबर 2023 में अफगानिस्तान के खिलाफ ही खेला था। उन्होंने भारत के लिए अब तक 27 वनडे में 933 रन बनाए हैं, जिसमें एक दोहरा शतक भी शामिल है। हाल ही में टी-20 वर्ल्ड कप में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 मैचों में 317 रन बनाए थे।

नए खिलाड़ियों में पंजाब के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार, राजस्थान के स्पिनर मानव सुथार और विदर्भ के ऑलराउंडर हर्ष दुबे को घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। वहीं दिल्ली और आईपीएल में लखनऊ सुपरजायंट्स के लिए खेलने वाले प्रिंस यादव पहली बार वनडे टीम में चुने गए हैं। प्रिंस आईपीएल में विराट कोहली को क्लीन बोल्ड कर सुर्खियों में आए थे और इस सीजन 12 मैचों में 16 विकेट ले चुके हैं।

रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या का चयन फिटनेस के अधीन किया गया है। दोनों खिलाड़ी आईपीएल के दौरान चोटिल हुए थे। बीसीसीआई की मेडिकल टीम से फिटनेस क्लियरेंस मिलने के बाद ही वे मैच खेल सकेंगे।

भारतीय टेस्ट टीम में शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे और ध्रुव जुरेल को शामिल किया गया है।

वहीं वनडे टीम में शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे को जगह मिली है।

Post a Comment

Previous Post Next Post